स्वच्छ सर्वेक्षण में गोण्डा नगर पालिका को राज्य स्तर पर 12 वीं रैंक

गोंडा : शनिवार को केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय ने स्वच्छता सर्वेक्षण की रैंकिग जारी की है। इसमें नगर पालिका परिषद गोंडा को राज्य स्तर पर 12 वीं रैंक मिली है। वहीं, प्रदेश की नगरपालिकाओं में तीसरा स्थान तथा देश में इस बार 145वां स्थान मिला है। मंडल में गोंडा नगर पालिका अव्वल है। हालांकि रैंकिग में सुधार होने पर पालिका कर्मियों ने प्रसन्नता जताई है।
शहरी विकास मंत्रालय हर साल शहरों में स्वच्छता सर्वेक्षण कराता है। इसमें नगर में स्वच्छता सुविधाओं की पड़ताल की जाती है। नागरिकों से भी फीडबैक लिया जाता है। इसके आधार पर परिणाम जारी किया जाता है। वर्ष 2021 में कराए गए सर्वेक्षण के परिणाम जारी हो गए हैं। एक लाख से अधिक की आबादी वाले में नगर पालिका परिषद गोंडा को देश में 145वां स्थान मिला है। राज्य स्तर की नगर पालिकाओं में गोंडा नगर पालिका को तीसरा स्थान मिला है। नगर पालिका को कुल 2904.76 स्कोर मिला है। वर्ष 2020 में गोंडा को 115 वीं रैंक, वर्ष 2019 के सर्वेक्षण में गोंडा को 247वां स्थान मिला था, जबकि वर्ष 2018 के सर्वे में 227 वें स्थान से संतोष करना पड़ा था। नगर पालिकाध्यक्ष उजमा राशिद ने स्वच्छता रैंकिग में बेहतर प्रदर्शन पर कर्मियों को शबासी दी है।
2017 में लगा था सबसे गंदे शहर का दाग
– स्वच्छता सर्वेक्षण 2017 में गोंडा के सिर पर सबसे गंदा शहर होने का दाग लगा था। इस सर्वेक्षण में नगर पालिका गोंडा अंतिम पायदान पर पहुंच गई थी। राष्ट्रीय स्तर की रैंकिग में 434वां स्थान मिला था। ——-
कर्मियों को दी बधाई
– स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर नगरपालिका सभागार में अधिशासी अधिकारी संजय मिश्र व कर निर्धारण अधिकारी अशोक कुमार को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व चेयरमैन कमरूद्दीन, फहीम सिद्दीकी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक नितेश राठौर, जिला समन्वयक मीनाक्षी सिंह, फराज अहमद मौजूद थे।
————
इन्होंने भी मारी बाजी
स्वच्छ सर्वेक्षण में 50 हजार की आबादी तक वाली नगर पालिका परिषदों में कर्नलगंज को जोनल स्तर पर 49 वीं रैंक मिली है। 25 हजार की आबादी वाले में जोनल स्तर पर रैंकिग में नगर पालिका परिषद नवाबगंज को 121, नगर पंचायत परसपुर को 113, नगर पंचायत मनकापुर को 57, नगर पंचायत खरगूपुर को 80 व नगर पंचायत कटरा बाजार को 82 वीं रैंक मिली। ———
राष्ट्रीय रैंकिग में पिछड़ने के बाद भी बनाई बेहतर स्थिति
– वर्ष 2020 के स्वच्छता सर्वेक्षण में गोंडा नगर पालिका परिषद को 115 वीं रैंक देश में मिली थी। इस बार 30 पायदान पीछे होकर 145 वीं रैंक पर आ गए। इसके बाद भी राज्य व मंडल स्तर की रैंकिग में पिछले साल की अपेक्षा बेहतर प्रदर्शन किया है। नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी संजय मिश्र का कहना है कि स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर और बेहतर प्रयास किया जाएगा। इसके आधार पर रणनीति बनाई जाएगी।